मेसी के कोलकाता दौरे पर भारी बवाल, असम CM सरमा बोले- ममता बनर्जी को किया जाए गिरफ्तार

फुटबॉल आइकन लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान हुई अफरा-तफरी को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य में वीआईपी कल्चर को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि मेसी के ‘GOAT टूर 2025’ के समय भीड़ प्रबंधन पूरी तरह विफल हो गया। सरमा ने कहा कि जवाबदेही ऊपर से शुरू होनी चाहिए, इसलिए “राज्य के गृह मंत्री, जो मुख्यमंत्री भी हैं, और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को गिरफ्तार किया जाना चाहिए था।” उन्होंने इवेंट ऑर्गनाइजर की गिरफ्तारी पर चुप्पी साधते हुए जोर देकर कहा कि प्राथमिक जिम्मेदारी राज्य के गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर की है।
अन्य राज्यों में सफल सार्वजनिक आयोजनों का हवाला देते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने बंगाल सरकार की भीड़ प्रबंधन में नाकामयाबी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “मेसी पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल एक ऐसा राज्य है जहां कुछ भी अप्रत्याशित हो सकता है। ममता बनर्जी को आत्ममंथन करना चाहिए।” भाजपा नेता ने आगे कहा कि राज्य में वीआईपी संस्कृति चरम पर है और निर्दोष लोगों पर हो रहे अत्याचार चिंता का विषय है, जो राज्य के नेतृत्व के लिए आत्म-चिंतन का मौका है।