अमेरिका में फिर मास शूटिंग, रोड आइलैंड की ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी से 2 की मौत, 8 घायल; कैंपस ‘लॉकडाउन’
अमेरिकी धरती पर एक बार फिर बंदूक का तांडव देखने को मिला है। शनिवार को रोड आइलैंड की ब्राउन यूनिवर्सिटी में एक बंदूकधारी की गोलीबारी में कम से कम दो लोग मारे गए और आठ घायल हुए हैं। यह हमला उस वक्त हुआ जब विश्वविद्यालय के छात्र फाइनल परीक्षा दे रहे थे। काले कपड़े पहने संदिग्ध हमलावर को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है।
हमला और तलाशी अभियान:
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, हमले के तीन घंटे से अधिक समय बाद भी पुलिस अधिकारी कैंपस में सघन तलाशी कर रहे हैं। डिप्टी पुलिस प्रमुख टिमोथी ओ’हारा ने बताया कि संदिग्ध एक काले कपड़े पहने पुरुष था, जिसे आखिरी बार हमले की जगह इंजीनियरिंग बिल्डिंग से बाहर निकलते हुए देखा गया था।
- लॉकडाउन और चेतावनी: मेयर ब्रेट स्माइली ने इलाके में ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ (सुरक्षित स्थान पर छिपने) का आदेश जारी किया है और कैंपस के पास रहने वाले लोगों से घर के अंदर रहने का अनुरोध किया है। ब्राउन यूनिवर्सिटी ने अलर्ट जारी कर कहा है कि कैंपस लॉकडाउन रहेगा और सभी सदस्यों को दरवाज़ा बंद करके सुरक्षित रहने की ज़रूरत है।
- घायलों की स्थिति: मेयर स्माइली ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए आठ लोगों की हालत गंभीर होने के बावजूद फिलहाल स्थिर है और वे इलाज करा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह टिप्पणी नहीं की कि घायल छात्र हैं या नहीं।
राष्ट्रपति की नाराजगी और एफबीआई का हस्तक्षेप:
शनिवार की गोलीबारी की यह घटना ब्राउन यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग स्कूल और भौतिकी विभाग की इमारत ‘बारुस एंड होली’ में हुई, जहाँ इंजीनियरिंग डिजाइन की परीक्षा चल रही थी।
घटना को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति पहले ही अपनी नाराजगी व्यक्त कर चुके हैं। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि एजेंसी के कर्मी मौके पर मौजूद हैं और सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने घटना से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रार्थना करने का भी अनुरोध किया।
इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि बंदूकधारी उसी विश्वविद्यालय का छात्र था या नहीं। कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस उस हमलावर के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं जुटा पाई है।