नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा! लोहरदगा में ‘फर्जी छात्रों’ के शामिल होने का मामला, DC ने दिए जांच के आदेश

लोहरदगा के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा में फर्जी तरीके से कई विद्यार्थियों के शामिल होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसकी शिकायत जिला प्रशासन को भी मिली है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिन छात्रों के फर्जी तरीके से परीक्षा में शामिल होने की बात कही जा रही है, उनका कोई भी डेटा संबंधित स्कूलों के पास मौजूद नहीं है, जिससे स्कूल प्रबंधन भी हैरान है।

एडमिट कार्ड वितरण से हुआ खुलासा

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ, जब एडमिट कार्ड वितरण के लिए संबंधित स्कूलों को निर्देश प्राप्त हुए। प्रधानाध्यापकों से कहा गया था कि वे एडमिट कार्ड विद्यार्थियों के घर तक पहुंचा दें। जब स्कूल के प्रधानाध्यापकों ने प्राप्त सूची और एडमिट कार्ड की जाँच की, तो वे हैरान रह गए क्योंकि वे विद्यार्थी उनके विद्यालय के थे ही नहीं।

लिखित शिकायत और जांच के आदेश

उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय अरकोसा नवा टोली के प्रधानाध्यापक ने मामले की लिखित शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से की है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय अरकोसा नवा टोली और उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय गुड़ी फुदकी टोली कैरो, दोनों स्कूलों में नामांकन दर्शाते हुए चार-चार, यानी कुल आठ विद्यार्थियों ने फर्जी तरीके से नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में आवेदन किया और शामिल हुए।

शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। इस मामले को लेकर डीसी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर को तुरंत जांच का निर्देश दिया है। आशंका जताई जा रही है कि जब शुरुआती तौर पर आठ मामले सामने आ चुके हैं, तो गहन जांच में यह संख्या काफी ज्यादा हो सकती है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी, दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर ने कहा, “इस संबंध में उपायुक्त को शिकायत मिली थी। जिसके बाद उपायुक्त ने उन्हें मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। वह मामले की जांच कर रही हैं। गड़बड़ी पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” इस बड़े फर्जीवाड़े की आशंका से हड़कंप मचा हुआ है और इसमें एक बड़े रैकेट की संलिप्तता की चर्चा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *