पूर्व TMC बूथ अध्यक्ष की रहस्यमय मौत, शांतिनिकेतन में सनसनी, परिवार ने लगाया ‘सोची-समझी हत्या’ का आरोप!

पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन इलाके में पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) बूथ अध्यक्ष मदन लोहार (50) की रहस्यमय मौत से हड़कंप मच गया है। शनिवार शाम से लापता लोहार का शव रविवार सुबह कंकालतला ग्राम पंचायत के धोल्टिकुड़ी गांव के बीच खेत से बरामद हुआ। शव मिलते ही इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई।
मृतक के परिवार ने इस घटना को सोची-समझी हत्या करार दिया है। उनका आरोप है कि मदन लोहार की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। शव की स्थिति और जिस जगह से वह बरामद हुआ, उससे भी हत्या का संदेह गहरा रहा है। सूचना मिलते ही शांतिनिकेतन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया है कि वे मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रहे हैं। यह मौत राजनीतिक रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत दुश्मनी है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल है, और स्थानीय लोगों में आक्रोश एवं भय व्याप्त है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।