मेसी का आखिरी दिन! 1 करोड़ में हैंडशेक! दिल्ली में खत्म हो रहा ‘GOAT टूर’, लीला पैलेस में अभूतपूर्व सुरक्षा

विश्व कप विजेता कप्तान लियोनेल मेसी (Lionel Messi) के भारत दौरे का आज आखिरी दिन है। कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई का दौरा करने के बाद LM-10 का बहुप्रतीक्षित GOAT टूर (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम टूर) आज दिल्ली में समाप्त होगा। मेसी आज, सोमवार सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली पहुँचेंगे।
दिल्ली में मेसी चाणक्यपुरी स्थित लग्जरी होटल लीला पैलेस में रुकेंगे। बताया गया है कि उनके लिए होटल का पूरा फ्लोर रिजर्व किया गया है। मेसी होटल के प्रेसिडेंशियल सुइट में ठहरेंगे, जिसका एक रात का किराया 3.5 लाख से 7 लाख रुपये के बीच है। पूरे होटल को पहले ही सुरक्षा के चादर में लपेट दिया गया है।
एनडीटीवी सूत्रों के अनुसार, होटल में एक विशेष ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें कुछ चुनिंदा VIP मेहमान ही मेसी से मिल पाएंगे। हालांकि, अर्जेंटीना के सुपरस्टार से बात करने या हाथ मिलाने के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी। सुनने में आया है कि मेसी से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए 1 करोड़ रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
आज के कार्यक्रम में मेसी देश की कई प्रमुख हस्तियों से मिलेंगे। सूची में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, कई सांसद, क्रिकेटर रोहित शर्मा और ओलंपिक तथा पैरालंपिक पदक विजेता शामिल हैं। दिन के अंत में, विश्व कप विजेता कप्तान अरुण जेटली स्टेडियम से पुराना किला जाएँगे, जहाँ प्रायोजक एडिडास (Adidas) ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया है। रात 8 बजे मेसी का निजी जेट, गल्फस्ट्रीम-5, दिल्ली से अपने अगले गंतव्य के लिए उड़ान भरेगा।