जिंदा बेटी का माता पिता ने किया श्राद्ध सामाजिक मर्यादा के नाम पर उठाया खौफनाक कदम
December 17, 2025

उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा ब्लॉक अंतर्गत सोनापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम विवाह से नाराज माता-पिता ने अपनी जीवित बेटी का अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म कर उसे परिवार से हमेशा के लिए मृत घोषित कर दिया। बार-बार समझाने के बाद भी जब बेटी वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसे अयोग्य संतान मानकर यह कठोर फैसला लिया।
शनिवार को आयोजित इस रस्म में परिवार के साथ भारी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। हिंदू रीति-रिवाजों में पूर्वजों की शांति के लिए होने वाले इस कर्मकांड को यहां बेटी से संबंध तोड़ने के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान पूरा परिवार फूट-फूटकर रो पड़ा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।