नजरुल की बगल में सोएंगे हादी! संसद में जनाजा, ढाका में हाई अलर्ट, क्या फिर सुलग उठेगा बांग्लादेश?

बांग्लादेश के इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी को आज ढाका के नेशनल पार्लियामेंट हाउस (संसद भवन) में अंतिम विदाई दी जाएगी। दोपहर 2 बजे होने वाले इस जनाजे में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के कार्यालय के अनुसार, हादी को कवि काजी नजरुल इस्लाम की समाधि के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इस दौरान मुहम्मद यूनुस खुद वहां मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: हादी के जनाजे को देखते हुए राजधानी ढाका को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। संसद के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी है और लोगों को बैग या भारी सामान न लाने की हिदायत दी गई है। ढाका यूनिवर्सिटी की नेता फातिमा तस्नीम जुमा ने बताया कि नजरुल की मजार के पास ही हादी की कब्र तैयार की गई है।
हिंसा की आग में बांग्लादेश: सिंगापुर में इलाज के दौरान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हालात बेकाबू हैं। बाइक सवार हमलावरों की गोली का शिकार हुए हादी की मौत ने पूरे देश में आक्रोश भर दिया है। देश के कई हिस्सों में तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें हैं। सरकार ने राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है, लेकिन बढ़ता भारत-विरोध और सड़कों पर उतरती भीड़ ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है।