असम में बड़ा रेल हादसा! राजधानी एक्सप्रेस की टक्कर से 8 हाथियों की मौत, इंजन सहित 5 कोच पटरी से उतरे
December 20, 2025

असम के नगांव जिले में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गुवाहाटी से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस (20507) हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिससे 8 हाथियों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना लमडिंग डिवीजन के जमुनाममुख-कामपुर सेक्शन के बीच रात करीब 2:17 बजे हुई।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह क्षेत्र हाथियों का कोई चिन्हित कॉरिडोर नहीं था, जिसके चलते पायलट को सतर्कता बरतने का मौका कम मिला। हादसे के बाद रेल प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर अन्य कोचों को गुवाहाटी रवाना किया। रेलवे ने यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर (0361-2731621) जारी किए हैं और बाधित रूट को बहाल करने का काम जारी है।