‘मेसी की पीठ और शरीर को छुआ गया’; सुरक्षा में बड़ी चूक पर शतद्रु दत्त का विस्फोटक खुलासा, घेरे में कई नाम

लियोनेल मेसी के भारत दौरे से जुड़े विवादों में आयोजक शतद्रु दत्त ने सिट (SIT) की पूछताछ में कई सनसनीखेज दावे किए हैं। शतद्रु के अनुसार, इस मेगा इवेंट पर कुल ८९ करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जिसमें से ११ करोड़ रुपये टैक्स के रूप में दिए गए। उन्होंने बताया कि ३० करोड़ रुपये टिकटों से और ३० करोड़ स्पॉन्सरशिप से जुटाए गए थे।
पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर हुआ। शतद्रु ने दावा किया कि मैदान के लिए केवल १५० ग्राउंड पास तय थे, लेकिन एक ‘प्रभावशाली राजनेता’ के दबाव में पास की संख्या तीन गुना बढ़ानी पड़ी। इसी वजह से मैदान में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति इतनी खराब थी कि भीड़ ने मेसी के शरीर और पीठ को बार-बार छुआ, जिससे मेसी बेहद नाराज हो गए।
सुरक्षा घेरा टूटने और भीड़ की बदतमीजी से परेशान होकर मेसी ने अपने बाउंसरों से शिकायत की। नतीजा यह हुआ कि जो कार्यक्रम ९० मिनट चलना था, उसे सुरक्षा कारणों से मात्र २० मिनट में ही खत्म करना पड़ा। जांच अधिकारी अब उस नेता की पहचान करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं।