कोलकाता में सीजन की सबसे ठंडी सुबह! 14.4 डिग्री तक गिरा पारा, जानें क्रिसमस पर कैसी रहेगी ठंड?

पश्चिम बंगाल में रविवार की सुबह सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। कोलकाता का न्यूनतम तापमान गिरकर 14.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है, जिससे राज्य भर में सिहरन बढ़ गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भारी कोहरे के कारण धूप कम निकल रही है, जिससे दिन के तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट देखी गई। हालांकि, विभाग ने साफ किया है कि “कड़ाके की ठंड” के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। अगले कुछ दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन क्रिसमस के आसपास पारा एक बार फिर तेजी से गिरेगा।

राज्य के अन्य हिस्सों की बात करें तो पुरुलिया 11 डिग्री के साथ दक्षिण बंगाल का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि दार्जिलिंग में तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। नया साल और बड़ा दिन बंगाल के लिए ठंड का तोहफा लेकर आ सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *