मेसी के साथ फोटो के लिए ३० लाख की वसूली? आयोजक के घर में मिला छत पर फुटबॉल मैदान, २२ करोड़ फ्रीज!

कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में हुई अफरा-तफरी की जांच अब एक बड़े वित्तीय घोटाले की ओर इशारा कर रही है। शुक्रवार को विशेष जांच दल (SIT) ने मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता के रिशड़ा स्थित तीन मंजिला आलीशान आवास पर छापेमारी की। जांच के दौरान पता चला कि दत्ता के बैंक खातों में २२ करोड़ रुपये जमा हैं, जिन्हें पुलिस ने फ्रीज कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मेसी के साथ फोटो खिंचवाने के नाम पर प्रशंसकों से १० लाख से ३० लाख रुपये तक वसूले गए थे, जिसका कोई कानूनी रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस को संदेह है कि यह सारा लेन-देन नकद में हुआ था। इसके अलावा, ६६,००० की क्षमता वाले स्टेडियम की आधी टिकटों की बिक्री का कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।
हैरान करने वाली बात यह है कि मेसी की सुरक्षा टीम की सख्त चेतावनी के बावजूद, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया। वीडियो फुटेज में एक राज्य के खेल मंत्री को मेसी को खींचते हुए देखा गया है, जो अब जांच के घेरे में हैं। शतद्रु दत्ता के घर की तलाशी के दौरान वहां छत पर फुटबॉल मैदान और इनडोर स्विमिंग पूल जैसी सुख-सुविधाएं मिली हैं। SIT अब इस मामले में १०० करोड़ रुपये के संभावित गबन की जांच कर रही है।