झारखंड से मुर्शिदाबाद जा रही बस में ‘नशीला माल’! आसनसोल पुलिस ने जब्त किया १६ किलो गांजा

झारखंड से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद तक नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को आसनसोल उत्तर थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया है। शनिवार शाम आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की खुफिया शाखा और उत्तर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से आसनसोल के एचएलजी मोड़ के पास एक बस में छापेमारी की। इस दौरान बस से लगभग १६ किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर की पहचान मोहम्मद लाकिब के रूप में हुई है, जो मुर्शिदाबाद का निवासी है। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए उसने निजी वाहन के बजाय सार्वजनिक बस का सहारा लिया था। पूछताछ में पता चला है कि यह गांजा झारखंड से लाया गया था और इसे मुर्शिदाबाद में सप्लाई किया जाना था।
डीसी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ कर पूरे रैकेट का पता लगाया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि इस तस्करी के पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है। आरोपी को रविवार को आसनसोल अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है।