मौत की रफ्तार या कोहरे का कहर? कल्याणी एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर खिलौने की तरह पलटी कार।

उत्तर 24 परगना के रहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रुइया इलाके में रविवार को कल्याणी एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कड़ाके की ठंड और सुबह के वक्त तेज रफ्तार के कारण एक अनियंत्रित कार सड़क के किनारे लगे गार्डवाल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बैरकपुर की ओर से आ रही थी और उसकी गति काफी अधिक थी। रुइया मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गार्डवाल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर ही पलट गई। सूचना मिलते ही रहरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या हादसा घने कोहरे की वजह से हुआ या ड्राइवर नशे में था। एक्सप्रेसवे पर इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।