पुलिस बनने का सपना रह गया अधूरा! पति-बच्ची के सामने परीक्षा देने जा रही महिला की कुचलकर मौत।

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा देने जा रही 25 वर्षीय माधवी सरकार की 10 चक्का ट्रक के नीचे कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना घुघुडांगा के सहापाड़ा इलाके में हुई, जब माधवी अपने पति और चार साल की मासूम बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर लगभग 70 किलोमीटर दूर धूपगुड़ी जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ा और माधवी सड़क पर गिर गईं। उसी समय बगल से गुजर रहे एक भारी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में माधवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और बच्ची बाल-बाल बच गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेर लिया और इलाके में भारी तनाव फैल गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज भेजा। एडिशनल एसपी शौभनिक मुखर्जी ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। एक छोटे से बच्चे के सिर से मां का साया उठने और परीक्षा के दिन हुई इस मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।