‘धर्म का अपमान किया तो होगी जेल’, तेलंगाना में सख्त कानून लाने की तैयारी में रेवंत रेड्डी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किसी भी धर्म के अपमान पर कड़ी सजा देने के लिए एक नया कानून बनाने की घोषणा की है। हैदराबाद में सरकार द्वारा आयोजित एक क्रिसमस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार धार्मिक नफरत फैलाने वालों से निपटने के लिए मौजूदा कानूनों में संशोधन करेगी। इस बिल को विधानसभा के आगामी बजट सत्र में पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यकों के कल्याण का भरोसा देते हुए कहा कि ईसाई और मुस्लिम समुदायों के कब्रिस्तान से जुड़ी समस्याओं को जल्द हल किया जाएगा। हालांकि, अपने भाषण के दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की तुलना तेलंगाना के अस्तित्व से कर दी। रेड्डी ने कहा, “सोनिया गांधी के योगदान के कारण ही आज हम तेलंगाना में क्रिसमस मना पा रहे हैं।” उन्होंने ९ दिसंबर को सोनिया गांधी के जन्मदिन और तेलंगाना राज्य के गठन के विशेष संबंध का भी जिक्र किया।
रेवंत रेड्डी के इस बयान पर विपक्षी दल बीजेपी और बीआरएस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेलंगाना बीजेपी ने वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री को ‘चापलूसी की सारी सीमाएं पार करने वाला’ बताया। बीजेपी ने तंज कसते हुए कहा, “अगली बार हमें बताया जाएगा कि गांधी परिवार की वजह से ही सूरज उगता है।”