थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर डेढ़ करोड़ की डकैती! लखनऊ में पुलिस को चोरों की खुली चुनौती।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने पुलिस की मुस्तैदी के दावों की हवा निकालते हुए थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित ‘फजल ज्वेलर्स’ को अपना निशाना बनाया। शातिर चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान के मालिक फजल के अनुसार, उन्हें इस घटना की जानकारी सुबह तब मिली जब उनके भांजे ने दुकान का शटर खुला देखा। दुकान के अंदर से लगभग 250 ग्राम सोना और 50 से 55 किलो चांदी गायब है। चोरी हुए सामान में चांदी की कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक और सोने की कीमत लगभग 26 लाख रुपये बताई जा रही है।

एडीसीपी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि सूचना मिलते ही मलिहाबाद थाना पुलिस, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस बड़ी चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *