क्या इंसानों के लिए काल बनेगा बर्ड फ्लू? भारतीय वैज्ञानिकों की रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा!

अशोका यूनिवर्सिटी के दो वैज्ञानिकों, फिलिप चेरियन और गौतम आई मेनन ने कृतिम बुद्धिमत्ता (AI) के जरिए बर्ड फ्लू (H5N1) के संक्रमण को लेकर एक महत्वपूर्ण अध्ययन किया है। बीएमसी पब्लिक हेल्थ में प्रकाशित शोध के अनुसार, दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में पक्षियों से इंसानों में इसके फैलने का खतरा सर्वाधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, इस वायरस की मृत्यु दर 48 प्रतिशत तक है, जो भविष्य के लिए एक गंभीर चेतावनी है।
वैज्ञानिकों ने महामारी को रोकने के लिए शुरुआती स्तर पर आइसोलेशन और क्वारंटीन को अनिवार्य बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, यदि संक्रमण शुरुआती व्यक्ति तक ही सीमित रहे, तो खतरा कम हो सकता है। लेकिन इसके बढ़ने पर लॉकडाउन, मास्क और टीकाकरण ही एकमात्र उपाय बचेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते पोल्ट्री फार्मों में नियंत्रण और निगरानी से एक बड़े वैश्विक संकट को टाला जा सकता है।