ट्रंप, मेलानिया और एपस्टीन की वो ‘सीक्रेट’ फोटो; ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से अचानक क्यों हुई डिलीट?

जेफरी एपस्टीन की फाइलों ने एक बार फिर दुनिया भर के रसूखदारों की नींद उड़ा दी है। हाल ही में तब हड़कंप मच गया जब यह दावा किया गया कि सार्वजनिक पोर्टल से डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और घिसलेन मैक्सवेल वाली एक महत्वपूर्ण तस्वीर गायब कर दी गई है। विपक्षी डेमोक्रेट्स ने इसे राजनीतिक हस्तक्षेप करार देते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के प्रभाव में आकर इन दस्तावेजों को छिपाया जा रहा है।
हालांकि, अमेरिकी न्याय विभाग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उप अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने स्पष्ट किया कि ट्रंप की तस्वीर हटाने का राष्ट्रपति से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि पीड़ित सहायता समूहों के अनुरोध पर कुल 16 तस्वीरें जांच के लिए हटाई गई थीं। यह सुनिश्चित करने के बाद कि इन तस्वीरों से पीड़ितों की निजता को कोई खतरा नहीं है, ट्रंप वाली तस्वीर को वापस बहाल कर दिया गया है। फिलहाल अन्य फाइलों की जांच जारी है और विशेषज्ञों की हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें फिर से अपलोड कर दिया जाएगा।