अब फेसबुक पर लिंक शेयर करने के भी लगेंगे पैसे! मेटा ने शुरू किया नया पेड सब्सक्रिप्शन टेस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक (मेटा) अब अपनी कमाई बढ़ाने के लिए एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब फेसबुक पोस्ट में लिंक शेयर करने की सुविधा को भी सब्सक्रिप्शन के दायरे में लाने की तैयारी चल रही है। फिलहाल अमेरिका और ब्रिटेन के कुछ चुनिंदा यूजर्स पर इसका टेस्ट शुरू किया गया है, जिन्हें बताया गया है कि बिना १० डॉलर (करीब ८४० रुपये) का मासिक शुल्क दिए वे एक लिमिट से ज्यादा लिंक शेयर नहीं कर पाएंगे।

सोशल मीडिया एक्सपर्ट मैट नावारा के अनुसार, मेटा अब प्लेटफॉर्म के हर बुनियादी फीचर से पैसे वसूलने की रणनीति बना रहा है। पहले ब्लू टिक (वेरिफिकेशन) के लिए पैसे लिए गए और अब बाहरी वेबसाइटों पर ट्रैफिक भेजने यानी लिंक शेयरिंग पर भी लगाम कसी जा रही है। नावारा को मिले एक नोटिफिकेशन के मुताबिक, बिना पेड सब्सक्रिप्शन के वे महीने में केवल दो लिंक ही शेयर कर पाएंगे।

यह नया नियम फिलहाल ‘प्रोफेशनल मोड’ यूजर्स और बिजनेस पेज संचालकों के लिए लाया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि जो ब्रांड या क्रिएटर्स फेसबुक को अपने बिजनेस ग्रोथ के लिए इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए अब मुफ्त में ट्रैफिक पाना नामुमकिन हो जाएगा। यह कदम एलन मस्क के ‘एक्स’ (ट्विटर) की उन नीतियों जैसा ही है, जिसने सोशल मीडिया की दुनिया में पेड फीचर्स की होड़ लगा दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *