“यूनुस सरकार के लोगों ने ही मेरे भाई को मारा!” उस्मान हादी के भाई का बेहद सनसनीखेज आरोप

भारत विरोधी नेता उस्मान हादी की मौत के ५ दिन बाद भी बांग्लादेश में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को हादी के भाई शरीफ उमर हादी ने मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के भीतर मौजूद कुछ तत्वों ने ही उनके भाई की हत्या करवाई है।
शाहबाग में इंकलाब मंच के एक कार्यक्रम के दौरान उमर हादी ने कहा कि उनके भाई फरवरी में चुनाव चाहते थे, लेकिन चुनाव को रोकने और देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए हादी की बलि दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उस्मान हादी ने किसी ‘विदेशी आका’ या एजेंसी के सामने झुकने से इनकार कर दिया था, जिसके कारण उन्हें मार दिया गया।
सरकार को चेतावनी देते हुए उमर हादी ने कहा कि यदि इस हत्याकांड की जांच में तेजी नहीं आई और न्याय नहीं मिला, तो अंतरिम सरकार को भी बांग्लादेश छोड़कर भागना पड़ेगा। गौर हो कि १८ दिसंबर को हादी की मौत के बाद से बांग्लादेश में भारी हिंसा भड़की हुई है, जिसमें अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने और मीडिया संस्थानों पर हमले की खबरें सामने आ रही हैं।