बेवर्ली हिल्स में जैकलीन का नया ठिकाना! जेल में बंद सुकेश ने करोड़ों के बंगले का किया एलान

जेल की सलाखों के पीछे होने के बावजूद, महाठग सुकेश चंद्रशेखर बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के प्रति अपने ‘प्यार’ का इजहार करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। क्रिसमस के खास मौके पर सुकेश ने एक बार फिर जेल से अपनी ‘लेडी लव’ के नाम एक लंबी चिट्ठी लिखी है, जिसमें एक चौंकाने वाले उपहार का जिक्र किया गया है।
बेवर्ली हिल्स में ‘लव नेस्ट’ सुकेश ने जैकलीन को क्रिसमस गिफ्ट के तौर पर अमेरिका के बेवर्ली हिल्स में एक विशाल महल (मैनशन) तोहफे में दिया है, जिसका नाम उसने ‘लव नेस्ट’ रखा है। अपनी चिट्ठी में सुकेश ने लिखा, “मेरी क्रिसमस बेबी। यह त्यौहार मुझे हमेशा तुम्हारे साथ बिताए गए उन खास पलों की याद दिलाता है। तुम्हारे लिए मेरा यह दीवानापन और प्यार हमेशा यादगार रहेगा।” सुकेश ने आगे भावुक होते हुए लिखा कि वह जैकलीन की ‘बनी स्माइल’ को मिस कर रहा है, इसलिए वह यह नया आशियाना उसे समर्पित कर रहा है।
डोनाल्ड ट्रम्प के घर से तुलना सुकेश का दावा है कि इस आलीशान घर के चारों ओर एक निजी ’19 होल’ गोल्फ कोर्स भी है। उसने बड़े गर्व से चिट्ठी में लिखा, “बेबी, पूरे अमेरिका में यह घर सबसे अलग और अनोखा है। मुझे पूरा यकीन है कि हमारा यह ‘लव नेस्ट’ देखकर डोनाल्ड ट्रम्प का फ्लोरिडा स्थित मशहूर घर ‘मार-ए-लागो’ भी ईर्ष्या करने लगेगा।”
जैकलीन की नाराजगी और सुकेश की जिद बता दें कि सुकेश हर त्यौहार पर जैकलीन को जेल से पत्र लिखता रहता है। हालांकि, जैकलीन इन हरकतों से काफी परेशान हैं। उन्होंने पहले ही दिल्ली की अदालत में याचिका दायर कर सुकेश द्वारा भेजे जाने वाले इन अवांछित पत्रों पर रोक लगाने की मांग की थी। जैकलीन का कहना है कि सुकेश उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। लेकिन सुकेश पर अदालत की फटकार या जेल की सख्ती का कोई असर होता नहीं दिख रहा है।
ईडी की रडार पर हैं अभिनेत्री २०० करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुकेश चंद्रशेखर मुख्य आरोपी है, और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने जैकलीन फर्नांडीज को भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि जैकलीन ने सुकेश से करोड़ों के गहने, बैग और लग्जरी गाड़ियां उपहार में ली थीं। हालांकि, अभिनेत्री ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें सुकेश के काले कारनामों की कोई जानकारी नहीं थी। अब देखना यह है कि क्रिसमस पर दिए गए इस नए ‘महल’ वाले दावे पर ईडी की क्या प्रतिक्रिया होती है।