“केरल के लिए मोदी जी का न्यू ईयर गिफ्ट”, तिरुवनंतपुरम में ४५ साल का वाम किला ढहने पर गदगद हुए PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम के नवनिर्वाचित मेयर वीवी राजेश को एक विशेष पत्र लिखकर केरल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत की सराहना की है। वामपंथी विचारधारा वाले इस राज्य में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को प्रधानमंत्री ने एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत बताया है। उन्होंने अपने पत्र में इस जीत को न केवल भाजपा की उपलब्धि, बल्कि तिरुवनंतपुरम के प्रबुद्ध नागरिकों की वैचारिक जीत करार दिया।
दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में हुए चुनावों में, भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में वामपंथ के ४५ साल पुराने किले को ध्वस्त कर दिया। १०१ वार्डों में से ५० पर कब्जा कर भाजपा ने बहुमत के करीब पहुंचकर इतिहास रच दिया। यह क्षेत्र कांग्रेस सांसद शशि थरूर का संसदीय क्षेत्र भी है, जहां अब भाजपा का मेयर चुना गया है। पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि २०२६ की शुरुआत में इस महानगरी में मेयर के रूप में आपकी शपथ एक गौरवशाली क्षण है।
प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम को ‘विचारकों, समाज सुधारकों और कलाकारों की भूमि’ बताते हुए शहर की सेवा करने का अवसर देने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। मेयर वीवी राजेश ने इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “यह सम्मान केरल के लोगों के लिए प्रधानमंत्री का नए साल का उपहार है।” उन्होंने इस सफलता का श्रेय केरल के उन हजारों कार्यकर्ताओं को दिया जिन्होंने दशकों तक प्रतिकूल परिस्थितियों में पार्टी के लिए संघर्ष किया है।