TMC स्थापना दिवस: “धमकाने से नहीं रुकेंगे हम”, ममता बनर्जी ने विरोधियों को दिखाई ‘लाल आंख’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के करीब आते ही राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया के जरिए कार्यकर्ताओं को एक बेहद आक्रामक दिशा दिखाई है। राज्य में एसआईआर (SIR) को लेकर मचे हंगामे और लोगों में व्याप्त डर के बीच ममता ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी किसी भी दबाव के आगे घुटने नहीं टेकेगी।
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में १९९८ के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस का जन्म ही ‘मां-माटी-मानुष’ की सेवा के लिए हुआ था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी चुनाव में लड़ाई और भी बड़ी होगी। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अप्रैल तक बंगाल में भाजपा सरकार बनाने के दावे पर पलटवार करते हुए ममता ने लिखा, “हम किसी भी बुरी शक्ति के सामने सिर नहीं झुकाएंगे। सभी धमकियों को नजरअंदाज कर आम लोगों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
बता दें कि अमित शाह ने बंगाल के चार जिलों से २० सीटें जीतने और दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य रखा है। इसी पृष्ठभूमि में ममता बनर्जी का यह ‘जुझारू संदेश’ पार्टी कैडरों में नई जान फूंकने वाला माना जा रहा है। ममता ने स्पष्ट किया कि धमकियों और ‘लाल आंखों’ से तृणमूल को डराया नहीं जा सकता। चुनावी साल की शुरुआत में ही ममता बनर्जी के इस रुख ने साफ कर दिया है कि २०२६ की जंग बेहद दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण होने वाली है।