सोने की कीमतों में भारी उछाल से गोल्ड लोन बाजार में आया १२५ फीसदी का सैलाब

सोने की बढ़ती कीमतों ने गोल्ड लोन मार्केट की तस्वीर बदल दी है। भारतीय रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर २०२५ तक गोल्ड लोन में पिछले वर्ष के मुकाबले १२५ फीसदी की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो बढ़कर ३.५ लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सोने के दाम बढ़ने से उसकी जमानत वैल्यू में इजाफा हुआ है, जिससे लोगों को अधिक कर्ज लेने में सुविधा मिल रही है। इस रेस में बैंकों ने एनबीएफसी को पीछे छोड़ते हुए बाजार की ५०.३५ फीसदी हिस्सेदारी पर कब्जा कर लिया है।
वाहन ऋण और आवास क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिले हैं। जीएसटी में कटौती और ऑफर्स के कारण व्हीकल लोन में ११ फीसदी की तेजी आई है, जबकि होम लोन ९.८ फीसदी बढ़कर ३१.९ लाख करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, त्योहारी सीजन बीतने के बाद पर्सनल लोन की मांग में थोड़ी नरमी आई है। दूसरी ओर, निर्यातकों को अमेरिकी टैरिफ के दबाव से बचाने के लिए आरबीआई ने लोन मोरेटोरियम जैसी राहत दी है, जिससे व्यापारिक कर्ज में १४ फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।