वैचारिक आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक दिल्ली शब्दोत्सव में बोले मंत्री कपिल मिश्रा

देश की राजधानी के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आज 2 जनवरी से तीन दिवसीय ‘दिल्ली शब्दोत्सव 2026’ का भव्य आगाज होने जा रहा है। इस साहित्य महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शिरकत करेंगे। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने इस आयोजन को जिहादी और नक्सली वैचारिक आतंकवाद पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करार देते हुए इसे देश का सबसे बड़ा लिटरेचर फेस्ट बताया है।
4 जनवरी तक चलने वाले इस उत्सव में देशभर के 100 से अधिक प्रतिष्ठित लेखक, फिल्मकार और पत्रकार शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान 40 से अधिक पुस्तकों का विमोचन होगा और हर शाम विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आम जनता के लिए इस महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। साहित्य के साथ-साथ यहां आने वाले लोग विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भी आनंद ले सकेंगे, जिसे सांस्कृतिक और वैचारिक चेतना का प्रतीक माना जा रहा है।