भारत पाकिस्तान संघर्ष में चीन की मध्यस्थता वाले दावे को मिला पाक का साथ

भारत और पाकिस्तान के बीच बीते मई में हुए सीमा संघर्ष को सुलझाने के चीन के दावे का पाकिस्तान ने खुलकर समर्थन किया है। जहां भारत ने चीन की कथित मध्यस्थता को सिरे से खारिज कर दिया है, वहीं पाकिस्तान इसे सही मान रहा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि चीनी नेतृत्व ने उस दौरान दोनों देशों से संपर्क साधा था और उनकी सकारात्मक कूटनीति की वजह से ही क्षेत्र में शांति स्थापित हो सकी थी।
भारत ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि संघर्ष विराम का निर्णय दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधी बातचीत का परिणाम था। भारत का रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है कि द्विपक्षीय मुद्दों पर किसी तीसरे देश के हस्तक्षेप की कोई जरूरत नहीं है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बयान को पाकिस्तान द्वारा सही ठहराना कूटनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि भारत इसे पूरी तरह निराधार मान रहा है।