पहले नाम पूछा फिर दागी सिर में गोली! पति के कत्ल की गवाह रचना यादव की दिनदहाड़े हत्या

शालीमार बाग इलाके में शनिवार सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 44 वर्षीय रचना यादव की ठीक उसी अंदाज में हत्या कर दी गई, जिस तरह एक साल पहले उनके पति बिजेंद्र यादव को मौत के घाट उतारा गया था। पुलिस का मानना है कि अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह होना ही रचना की मौत का कारण बना।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे रचना पड़ोस से अपने घर लौट रही थीं। तभी दो हमलावरों ने उन्हें रोका, उनका नाम पूछा और पहचान पक्की होते ही उनके सिर में गोली मार दी। रचना की मौके पर ही मौत हो गई। जांच टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि 2023 में रंजिश के चलते बिजेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी। उस मामले में भरत यादव मुख्य आरोपी है जो फिलहाल फरार है, जबकि पांच अन्य आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं। रचना की बेटी कनिका का आरोप है कि जेल में बंद आरोपियों ने ही भरत यादव के साथ मिलकर उसकी माँ की हत्या की साजिश रची ताकि अदालत में गवाही न दी जा सके। एडिशनल पुलिस कमिश्नर भीष्म सिंह ने कहा कि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और पुराने केस से कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *