माता-पिता को नशीला पदार्थ खिलाया, फिर हाथ-पैर बांधे; पूजा खेडकर के घर सनसनीखेज डकैती!

विवादों में घिरीं पूर्व ट्रेनी IAS अधिकारी पूजा खेडकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि उनके घर हुई एक बड़ी डकैती का है। पूजा खेडकर ने आरोप लगाया है कि उनके पुणे स्थित बंगले पर एक घरेलू नौकर ने उनके पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात की है। पूजा ने चतुरश्रृंगी पुलिस स्टेशन को फोन पर जानकारी दी कि हाल ही में काम पर रखे गए एक नेपाली नौकर ने उन्हें और उनके माता-पिता (दिलीप और मनोरमा खेडकर) को नशीला पदार्थ पिला दिया। जब वे बेहोश हो गए, तो उसने उनके हाथ-पैर बांध दिए और मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। पूजा का दावा है कि होश आने पर उन्होंने किसी तरह खुद को आजाद किया और पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बंगले का वॉचमैन भी पार्किंग में बेहोश पड़ा था। माता-पिता को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत अब स्थिर है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है और न ही चोरी हुए सामान की सूची दी गई है। बंगले के सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारण पुलिस अब आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।