दिल्ली में 13 साल का रिकॉर्ड टूटा! पालम में 3 डिग्री तक गिरा पारा, हाड़ कपाने वाली ठंड से ठिठकी राजधानी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय भीषण शीतलहर (Cold Wave) की चपेट में है। रविवार को दिल्ली के पालम इलाके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 13 वर्षों में इस क्षेत्र का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को पालम में पारा 2.6 डिग्री तक लुढ़का था।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली का आया नगर इलाका आज सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम यानी 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रिज एरिया में 3.7 डिग्री और सफदरजंग में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं ने दिल्लीवालों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है और तापमान में और गिरावट आ सकती है। राजधानी में ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे चला जाता है, तो उसे ‘कोल्ड वेव’ घोषित किया जाता है, और फिलहाल पूरी दिल्ली इसी स्थिति से गुजर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *