टी20 वर्ल्ड कप में भारत का विकल्प बनेगा पाकिस्तान? बांग्लादेश के लिए PCB ने बिछाया रेड कारपेट

भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते क्रिकेट तनाव का फायदा अब पाकिस्तान उठाने की कोशिश कर रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैचों को भारत में खेलने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के इनकार के बाद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी करने का प्रस्ताव दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने कराची और रावलपिंडी जैसे मैदानों को ‘न्यूट्रल वेन्यू’ के तौर पर उपलब्ध कराने की बात कही है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया। इसके जवाब में बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी और आईसीसी को पत्र लिखकर अपने वर्ल्ड कप मैचों को भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की। बांग्लादेश का कहना है कि उनके खिलाड़ियों को भारत में जान का खतरा है।

आईसीसी फिलहाल इस धर्मसंकट में फंसी है कि क्या ऐन वक्त पर मैचों को श्रीलंका या पाकिस्तान शिफ्ट किया जाए। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान भी अपने वर्ल्ड कप मैच भारत में नहीं खेल रहा है और उसके मुकाबले श्रीलंका में होने हैं। अगर बांग्लादेश भी भारत नहीं आता है, तो यह टूर्नामेंट के आयोजन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। पाकिस्तान ने न केवल मेजबानी का ऑफर दिया है, बल्कि मुस्तफिजुर को पीएसएल (PSL 2026) के लिए अनुबंध की पेशकश भी कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *