मैदान पर छिड़ा ‘भाषा विवाद’! राहुल की बात सुन भड़के संजय बांगर, बोले- ‘मैं राष्ट्रभाषा में विश्वास करता हूँ’!

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मैच के दौरान एक नया विवाद खड़ा हो गया है। खेल की गहमागहमी के बीच पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर और वरुण एरोन कमेंट्री बॉक्स में भाषा को लेकर आपस में भिड़ गए। इस बहस की शुरुआत विकेटकीपर केएल राहुल और स्पिनर वाशिंगटन सुंदर के बीच मैदान पर हुई बातचीत से हुई।

दरअसल, वाशिंगटन सुंदर जब गेंदबाजी कर रहे थे, तब केएल राहुल ने उन्हें हिंदी में निर्देश दिया कि वे बहुत तेज गेंद फेंक रहे हैं। राहुल ने कहा, “मीडियम पेसर जैसे डाल रहे हो यार, स्पिनर हो, थोड़ा बॉल को धीमा फेंको।” हालांकि, सुंदर ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद राहुल ने वही बात सुंदर की मातृभाषा तमिल में दोहराई। तमिल में निर्देश मिलते ही सुंदर ने अपनी गति कम कर दी और प्रभावी गेंदबाजी शुरू की।

कमेंट्री बॉक्स में वरुण एरोन ने टिप्पणी की कि शायद सुंदर को हिंदी समझने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए तमिल में निर्देश मिलने पर उन्होंने तुरंत अमल किया। इस पर संजय बांगर असहमत दिखे और उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा, “मैं राष्ट्रभाषा में बिलीव करता हूँ।” बांगर का इशारा हिंदी की तरफ था। उनके इस बयान ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है, क्योंकि आधिकारिक तौर पर भारत की कोई एक ‘राष्ट्रभाषा’ नहीं है।

मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डैरिल मिचेल की 84 रनों की शानदार पारी की बदौलत 300/8 का स्कोर बनाया। कीवी टीम के लिए कॉनवे और निकोल्स ने 117 रनों की ओपनिंग साझेदारी की, लेकिन हर्षित राणा की सटीक गेंदबाजी ने भारत की वापसी कराई। जवाब में खबर लिखे जाने तक विराट कोहली शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *