रीवा कोर्ट में भारी बवाल! सायरन बजाकर घुसी पुलिस को वकीलों ने धक्का देकर खदेड़ा

मध्य प्रदेश के रीवा जिला अदालत परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यातायात पुलिस और वकीलों के बीच तीखी झड़प हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित वकीलों ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर परिसर से बाहर निकाल दिया और कोर्ट के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। वकीलों का आरोप है कि पुलिस ने सायरन बजाते हुए कैंपस में प्रवेश कर कोर्ट की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
पुलिस की एंट्री और वकीलों का विरोध: दोपहर करीब १ बजे यातायात थाना प्रभारी एनीमा शर्मा पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचीं और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी देने लगीं। वकीलों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि नई बिल्डिंग में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और पुलिस बिना अधिकार के कोर्ट कैंपस में सायरन बजाकर दहशत फैला रही है।
प्रशासन के साथ बैठक: तनाव बढ़ता देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडवोकेट राजेंद्र पांडे ने बताया कि ज्यूडिशरी ने आश्वासन दिया है कि बिना अनुमति के पुलिस अब कोर्ट कैंपस में प्रवेश नहीं करेगी। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि २२ जनवरी तक बिजली, पानी और पार्किंग की समस्याएं हल नहीं हुईं, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।