मोदी-जायद का महाप्लान! 2032 तक $200 अरब का व्यापार, दुनिया देखेगी भारत-UAE की ताकत!

नई दिल्ली, 20 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने सोमवार को द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। दोनों नेताओं ने 2032 तक आपसी व्यापार को दोगुना कर 200 अरब डॉलर तक ले जाने का संकल्प लिया है।
बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-यूएई व्यापार पहले ही 100 अरब डॉलर के स्तर को पार कर चुका है। 2022 के आर्थिक समझौते (CEPA) के बाद से दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में अभूतपूर्व मजबूती आई है।
धोलेरा और गिफ्ट सिटी का कायाकल्प: प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र में यूएई की भागीदारी का स्वागत किया। यहाँ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, एमआरओ सुविधा और स्मार्ट सिटी जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम होगा। इसके साथ ही, गिफ्ट सिटी (GIFT City) में फर्स्ट अबू धाबी बैंक और डीपी वर्ल्ड की शाखाएं खुलने से यह अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में उभरेगा।
ऊर्जा और परमाणु क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि: ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए HPCL और ADNOC गैस के बीच 10 साल का बड़ा समझौता हुआ है। इसके तहत 2028 से सालाना 0.5 मिलियन टन एलएनजी की आपूर्ति होगी। इतना ही नहीं, दोनों देश अब परमाणु रिएक्टरों और स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स (SMR) के विकास में भी साथ मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं।
स्पेस और टेक्नोलॉजी: भारत और यूएई अब अंतरिक्ष विज्ञान में वाणिज्यिक सेवाओं के विस्तार और एआई (AI) प्रौद्योगिकियों पर निवेश करेंगे। भारत में सुपरकंप्यूटिंग क्लस्टर और डेटा सेंटर स्थापित करने पर भी सहमति बनी है। दोनों नेताओं ने सीमा-पार भुगतान को सस्ता और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म को जोड़ने का निर्देश भी दिया है।