मर्डर केस में फरार हुए बीडीओ, राजगंज में नया प्रशासनिक फेरबदल; सौरव कांति मंडल ने संभाली कमान!

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज ब्लॉक में लंबे समय से जारी प्रशासनिक गतिरोध अब समाप्त हो गया है। हत्या के आरोपी और फरार चल रहे पूर्व बीडीओ प्रशांत बर्मन की जगह प्रशासन ने नए अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। राजगंज के जॉइंट बीडीओ सौरव कांति मंडल को अब बीडीओ का प्रभार दिया गया है। मंगलवार को उन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया, जहां स्थानीय टीएमसी विधायक खगेश्वर रॉय ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।
पूर्व बीडीओ प्रशांत बर्मन पर साल्टलेक के दत्ताबाद में एक स्वर्णकार स्वप्न कामिल्या के अपहरण और हत्या का संगीन आरोप है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति राजेश बिंदल और न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई की पीठ ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए शुक्रवार, २३ जनवरी तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद उन्होंने सरेंडर नहीं किया था, जिसके बाद बिधाननगर कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। दिसंबर से ही प्रशांत बर्मन लापता हैं, जिसके कारण ब्लॉक का कामकाज प्रभावित हो रहा था। अब नए बीडीओ की नियुक्ति से आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है।