“फलस्तीन के साथ भारत चट्टान की तरह खड़ा”, दिल्ली में अरब लीग के सामने बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजधानी दिल्ली में अरब लीग के विदेश मंत्रियों और महासचिव के साथ एक ऐतिहासिक बैठक की। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने दो टूक शब्दों में कहा कि फलस्तीन के लोगों के प्रति भारत का समर्थन निरंतर और अटूट बना रहेगा। ‘भारत-अरब लीग विदेश मंत्री स्तरीय’ दूसरी बैठक के मौके पर प्रधानमंत्री ने भारत और अरब देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने आने वाले वर्षों के लिए एक स्पष्ट विजन साझा करते हुए ऊर्जा, निवेश, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने गाजा में चल रहे शांति प्रयासों का स्वागत किया और इस क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए अरब लीग के प्रयासों की सराहना की। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अरब लीग के सदस्य देशों के साथ मैराथन बैठकें कीं। उन्होंने कोमोरोस, लीबिया, सोमालिया और विशेष रूप से फलस्तीन की विदेश मंत्री वारसेन अगाबेकियन शाहीन से मुलाकात कर गाजा की मौजूदा स्थिति और विकास परियोजनाओं पर गहन चर्चा की। इस कूटनीतिक पहल को पश्चिम एशिया में भारत की मजबूत होती पकड़ के रूप में देखा जा रहा है।