“इंसान से बड़ी हो गई कुर्सी”, अजित पवार की मौत के बाद सुनेत्रा के शपथ ग्रहण पर भड़के संजय शिरसाट!

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में दुखद मृत्यु के बाद राज्य की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। शिंदे गुट के मंत्री संजय शिरसाट ने शनिवार को सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समय पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि, “बीते दो दिनों के घटनाक्रम को देखकर लगता है कि सत्ता की कुर्सी इंसान की जान से ज्यादा कीमती हो गई है। आम जनता को यह जल्दबाजी बिल्कुल पसंद नहीं आई।”
शिरसाट ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद अभी शोक का समय था, लेकिन जिस तरह सुनेत्रा पवार ने आनन-फानन में मुंबई पहुंचकर शपथ ली, वह हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की आंतरिक राजनीति और वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है। मंत्री ने आगे संकेत दिया कि अजित पवार की मौत के बाद शरद पवार गुट और वर्तमान राकांपा के विलय की जो खबरें आ रही थीं, वे अब ठंडे बस्ते में जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि विलय का फैसला अब सामूहिक होगा और इसमें लंबा समय लगेगा। शिरसाट के इस बयान ने महायुति गठबंधन के भीतर चल रही खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है।