गैंगस्टर की शादी में सुखबीर बादल की मौजूदगी! वायरल तस्वीरों ने पंजाब की राजनीति में मचाया हड़कंप

पंजाब में गैंगस्टरवाद और राजनीति के बीच कथित साठगांठ को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने शिरोमणि अकाली दल पर बड़ा हमला बोला है। आप के मुख्य प्रवक्ता और अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मामला एक गैंगस्टर के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शिरकत करने से जुड़ा है।

विधायक धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमृतसर में हुई अमृतपाल सिंह बाथ की बहन की शादी की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में सुखबीर सिंह बादल, विरसा सिंह वल्टोहा, गनीव कौर मजीठिया और रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा जैसे दिग्गज नेता नजर आ रहे हैं। धालीवाल ने कहा कि ये तस्वीरें अकाली दल के असली चेहरे को बेनकाब करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बादल हर रोज बयान देते हैं कि पंजाब में कानून-व्यवस्था खराब है, और दूसरी तरफ वे खुद गैंगस्टरों को संरक्षण दे रहे हैं।

धालीवाल ने कड़े शब्दों में कहा कि भगवंत मान सरकार जब पंजाब से नशे और गैंगस्टरवाद को खत्म करने की जंग लड़ रही है, तब अकाली दल अपराधियों के परिवारों के साथ रिश्ते मजबूत कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि सुखबीर बादल पंजाब की सत्ता में वापसी के लिए गैंगस्टरों का सहारा लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता को आगाह किया कि अकाली और कांग्रेस ने पहले भी पंजाब के युवाओं को आतंक की आग में झोंका था, और आज भी वे वही रास्ता अपना रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि ‘रंगला पंजाब’ मिशन के तहत मान सरकार न केवल शिक्षा और स्वास्थ्य पर करोड़ों खर्च कर रही है, बल्कि राज्य से माफिया राज का अंत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *