एम्स के बंगाली डॉक्टर ने ४वीं स्टेज के कैंसर से जूझ रही महिला को दिया नया जीवन

दिल्ली एम्स के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. मुकुरदीपी राय ने चिकित्सा जगत में एक दुर्लभ सफलता हासिल की है। उन्होंने दुर्गापुर की ४२ वर्षीय गृहिणी मुनमुन ओझा के पेट से लगभग २० किलो का विशाल ट्यूमर निकालकर उन्हें नया जीवन दिया है। कोलन कैंसर की चौथी स्टेज पर पहुंच चुकीं मुनमुन को जब अन्य विशेषज्ञों ने जवाब दे दिया था, तब डॉ. राय ने इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी की जिम्मेदारी उठाई और दो चरणों में सफल ऑपरेशन किया।
मल्टी-ऑर्गन में फैले इस ट्यूमर को शरीर के अन्य अंगों को सुरक्षित रखते हुए निकालना बेहद जोखिम भरा था। लगातार ११ घंटे चली सर्जरी के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। डॉ. मुकुरदीपी राय ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि खान-पान में सावधानी बरतकर और लक्षणों को समय पर पहचान कर कैंसर को मात दी जा सकती है। यह मामला साबित करता है कि उन्नत चिकित्सा और मजबूत इच्छाशक्ति से कैंसर की अंतिम स्टेज पर भी जीत संभव है।