पिज्जा बर्गर और कोल्ड ड्रिंक्स पर भारी टैक्स लगाने की तैयारी में स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में बढ़ते मोटापे और गंभीर बीमारियों पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड पर भारी टैक्स लगाने का प्रस्ताव दिया है। चिप्स, पिज्जा, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे हाई शुगर और फैट वाले खाद्य पदार्थों की बढ़ती खपत को रोकने के लिए सरकार इनकी कीमतें बढ़ाने के पक्ष में है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में लगभग २४ प्रतिशत महिलाएं और २३ प्रतिशत पुरुष मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं।
टैक्स के अलावा सरकार विज्ञापनों पर भी सख्ती बरतने की योजना बना रही है। मंत्रालय चाहता है कि मशहूर हस्तियां इन हानिकारक खाद्य पदार्थों का प्रचार न करें और लुभावने ऑफर्स पर रोक लगाई जाए। २००९ से २०२३ के बीच इन उत्पादों की बिक्री में ४० गुना वृद्धि हुई है, जिसे नियंत्रित करना अब सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य हो गया है ताकि मधुमेह और हृदय रोगों के खतरे को कम किया जा सके।