बलूचिस्तान पर पाकिस्तान का झूठ बेनकाब! भारत ने आरोपों को बताया निराधार, कहा- ‘अपनी नाकामी छिपाने का पुराना पैंतरा’ है यह
बलूचिस्तान प्रांत में हालिया आतंकी हमलों में नई दिल्ली की संलिप्तता के पाकिस्तान के दावों को भारत ने रविवार को सिरे से खारिज कर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह से ‘आधारहीन और मनगढ़ंत’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी आंतरिक सुरक्षा विफलताओं और प्रशासनिक कमजोरी से ध्यान भटकाने के लिए भारत पर आरोप लगाना पाकिस्तान की पुरानी आदत बन चुकी है।
जायसवाल ने कड़े शब्दों में कहा कि पाकिस्तान को बलूचिस्तान के लोगों की वास्तविक मांगों और वहां हो रहे मानवाधिकारों के हनन पर ध्यान देना चाहिए। भारत ने स्पष्ट किया कि बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा पाकिस्तान की अपनी नीतियों और दमनकारी रवैये का परिणाम है। आंकड़े बताते हैं कि २०२६ के शुरुआती महीनों में ही पाकिस्तान में आतंकी घटनाओं में २२ प्रतिशत का इजाफा हुआ है। बलूचिस्तान में पिछले दो दिनों के भीतर १३३ आतंकी मारे गए हैं, लेकिन इस संघर्ष में मासूम नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिर दोहराया कि वह पाकिस्तान की अस्थिरता का कारण नहीं है और इस्लामाबाद को अपनी समस्याओं का हल अपने भीतर ही ढूंढना होगा।