कोयला तस्करी का काला खेल! नदी किनारे खोद डालीं ३ सुरंगें, ‘बाइकर्स गैंग’ के जरिए ईंट-भट्टों में खप रहा माल

सरगुजा जिले का लखनपुर इलाका इन दिनों अवैध कोयला तस्करी का केंद्र बन गया है। रसूखदार नेताओं और विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से तस्करों ने गुमगरा खालकछार में नदी किनारे जेसीबी मशीनों की मदद से तीन गहरी सुरंगें खोद डाली हैं। यहां से हर दिन बड़ी मात्रा में अवैध कोयला निकाला जा रहा है और बाइकर्स गैंग के जरिए इसे आसपास के चिमनी और ईंट-भट्टों में सप्लाई किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, तस्करों ने पूरा नेटवर्क बिछा रखा है। गुमगरा कला, जमदई और नेवारडांड जैसे इलाकों के ईंट-भट्टों में यह अवैध कोयला खपाया जा रहा है, जिससे शासन को रोजाना लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। पिछले दो सालों से यह गोरखधंधा फिर से सक्रिय हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। जब इस बारे में एसडीएम बन सिंह नेताम से संपर्क किया गया, तो उन्होंने खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि क्या यह कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रहती है या माफियाओं पर सचमुच नकेल कसी जाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *