हकीकत में ‘दृश्यम’! प्रेग्नेंट बहन और मां-बाप का कत्ल कर घर में ही दफनाया, कातिल का दिमाग देख पुलिस भी दंग!

कर्नाटक के विजयनगर जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर अक्षय कुमार नामक एक युवक ने अपने पिता भीमराज, मां जयलक्ष्मी और 18 साल की गर्भवती बहन अमृता की बेरहमी से हत्या कर दी। अक्षय ने न केवल हत्या की, बल्कि तीनों शवों को घर के अंदर ही गाड़ दिया और खुद को बचाने के लिए पुलिस में गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।
सम्मान के नाम पर हत्या: पुलिस के अनुसार, अक्षय अपनी बहन के अंतरजातीय प्रेम संबंध और उसके गर्भवती होने से बेहद नाराज था। जब उसके माता-पिता ने बहन का साथ दिया, तो अक्षय ने पूरे परिवार को खत्म करने का फैसला किया। 27 जनवरी को इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद, उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कई फर्जी सबूत जुटाए और अस्पतालों के चक्कर लगाने की तस्वीरें भी खिंचवाईं।
कैसे पकड़ा गया आरोपी? अक्षय ने पुलिस को चकमा देने के लिए कई मोबाइल नंबर बदले, लेकिन तकनीकी जांच (CDR) ने उसे फंसा दिया। गायब परिजनों के मोबाइल की लोकेशन अक्षय के साथ ही पाई गई। कड़ाई से पूछताछ के बाद अक्षय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घर की खुदाई कर तीनों शव बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब अमृता के लापता प्रेमी की भी तलाश कर रही है।