विश्व कप की कमी पूरी करेगा बीसीबी का अदम्य बांग्लादेश टी-20 कप

टी-20 विश्व कप में शामिल न होने के बावजूद बांग्लादेशी क्रिकेटर मैदान से दूर नहीं रहेंगे। खिलाड़ियों को मैच-फिट रखने के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने ‘अदम्य बांग्लादेश टी-20 कप 2026’ का आयोजन किया है। यह घरेलू टूर्नामेंट 5 से 9 फरवरी तक ढाका के मीरपुर स्टेडियम में खेला जाएगा। 2.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में रोमांच बढ़ाने के लिए आईपीएल की तर्ज पर ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम भी लागू किया गया है।
प्रतियोगिता में तीन टीमें—धूमकेतु इलेवन, दुर्बार इलेवन और दुरंतो इलेवन—खिताब के लिए भिड़ेंगी। लिटन दास को धूमकेतु इलेवन की कमान सौंपी गई है, जबकि नजमुल हुसैन शांतो दुर्बार इलेवन और अकबर अली दुरंतो इलेवन का नेतृत्व करेंगे। 5 से 7 फरवरी तक ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के बाद 9 फरवरी को फाइनल खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस के मनोरंजन के लिए हर मैच से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।