आसनसोल में भारी बवाल! अग्निमित्रा पॉल को ‘गो बैक’ के नारे, दीदी और बीजेपी के बीच आर-पार की जंग

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अब 4 महीने से भी कम का समय बचा है, और राज्य में राजनीतिक हिंसा और तनाव चरम पर है। सोमवार को आसनसोल के निमचा इलाके में बीजेपी की फायरब्रांड नेता अग्निमित्रा पॉल को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। उनके ‘पाड़ा-पाड़ा दीदीभाई’ (मोहल्ले-मोहल्ले दीदीभाई) जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।
क्या है पूरा मामला? अग्निमित्रा पॉल जब रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा इलाके में पहुंचीं, तो वहां पहले से मौजूद टीएमसी समर्थकों ने उनका रास्ता रोका। माहौल तब और गरमा गया जब अग्निमित्रा ने भी पलटवार किया और उनके समर्थकों ने ‘ममता बनर्जी हाय-हाय’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखी जा सकती है।
अग्निमित्रा ने आरोप लगाया कि टीएमसी के “गुंडे” उनके जनसंपर्क में बाधा डाल रहे हैं क्योंकि वे बीजेपी की बढ़ती लोकप्रियता से डरे हुए हैं। दूसरी ओर, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बीजेपी के कारण ही मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया में लोगों को परेशानी हो रही है। दिल्ली में ममता बनर्जी का चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा और आसनसोल में अग्निमित्रा के खिलाफ यह प्रदर्शन, बंगाल चुनाव के पहले की एक बड़ी तस्वीर पेश कर रहे हैं।