बेहद सस्ते में बिका ISL! ९५% गिरी मैचों की ब्रॉडकास्ट वैल्यू, जानिए क्या है नई डील?

भारतीय फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट, इंडियन सुपर लीग (ISL) के प्रसारण को लेकर चल रही अनिश्चितता अब खत्म हो गई है। आगामी १४ फरवरी से शुरू होने वाले २०२५-२६ सीजन के डिजिटल और टेलीविजन ब्रॉडकास्ट राइट्स ‘फैनकोड’ (FanCode) ने हासिल कर लिए हैं। इस रेस में उन्होंने जियोस्टार और एबीपी नेटवर्क जैसे बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
अविश्वसनीय गिरावट: इस साल की डील ने सबको हैरान कर दिया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने इस सीजन के ८.६ करोड़ रुपये में प्रसारण अधिकार बेचे हैं। पिछले साल जहां १६३ मैचों की लीग की वैल्यू २७५ करोड़ रुपये थी, वहीं इस बार ९१ मैचों के लिए यह राशि बेहद कम रही। प्रति मैच के हिसाब से देखा जाए तो ब्रॉडकास्टिंग वैल्यू में करीब ९५ प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले साल एक मैच की कीमत १.६८ करोड़ थी, जो अब घटकर महज ९.৫ लाख रुपये रह गई है।
कोलकाता की कंपनी को बड़ी जिम्मेदारी: एक और महत्वपूर्ण फैसले में, कोलकाता की कंपनी ‘कैलीडोस्कोप’ (KPS Studio) को ५.२ करोड़ रुपये में लीग के प्रोडक्शन की जिम्मेदारी दी गई है। यह कंपनी पहले भी आई-लीग और डूरंड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट्स का सफल प्रोडक्शन कर चुकी है।
टीवी पर कैसे देखें? फैनकोड मुख्य रूप से ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म है। हालांकि, टेलीविजन प्रसारण के लिए वे ‘सोनी स्पोर्ट्स’ (Sony Sports) के साथ बातचीत कर रहे हैं। फैनकोड के को-फाउंडर यानिक कोलासो ने इसे भारतीय फुटबॉल के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। AIFF के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी एम सत्यनारायण ने भी फैनकोड का स्वागत किया है।