७१ लाख कैश और २१ तोला सोना! शादी के मंडप में ही विवादों में घिरे यूट्यूबर अरुण पंवार, वीडियो वायरल

हरियाणा के मशहूर ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार अपनी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो रहे हैं। शादी की खुशी तब विवाद में बदल गई जब एक वीडियो सामने आया, जिसमें अरुण को उनके ससुराल पक्ष से ७१ लाख रुपये नकद और २१ तोला सोना लेते हुए देखा गया। इस वीडियो के वायरल होते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है कि क्या यह महज एक उपहार है या दहेज की कुप्रथा का प्रदर्शन।
अरुण पंवार, जिनके यूट्यूब पर २४ लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं और जो खुद महीने के २०-२५ लाख रुपये कमाते हैं, उनके द्वारा इतनी बड़ी रकम लेने पर लोग सवाल उठा रहे हैं। हालांकि परिवार इसे “दान” का नाम दे रहा है, लेकिन नेटिजन्स इसे दहेज बता रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि अरुण की पत्नी एक सर्जन हैं। इतने शिक्षित परिवारों द्वारा इस तरह के लेन-देन को सार्वजनिक रूप से बढ़ावा देने पर समाज में गहरा रोष है।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, “नाम बदलने से अपराध नहीं बदलता।” वहीं अन्य लोगों ने इसे कानून का मजाक बताया है। भारत में १९६१ के दहेज निषेध अधिनियम के तहत दहेज लेना और देना दोनों अपराध है। ऐसे में कई लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि एक प्रभावशाली व्यक्ति होने के नाते अरुण पर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि समाज में गलत संदेश न जाए। अब देखना होगा कि क्या प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेता है।