कोलकाता पुलिस कमिश्नर का बड़ा आदेश! शब-ए-बारात के मद्देनजर शहर में मालवाहक गाड़ियों पर लगा बैन

मुस्लिम समुदाय के पवित्र पर्व ‘शब-ए-बारात’ के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। आज मंगलवार और कल बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में जाम की स्थिति को रोकने के लिए भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
समय सीमा और पाबंदियां: नए पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह प्रतिबंध ३ फरवरी सुबह ६ बजे से शुरू होकर ४ फरवरी सुबह ६ बजे तक लागू रहेगा। एजेसी बोस रोड, डायमंड हार्बर रोड, विद्यासागर सेतु और गार्डन रीच रोड सहित कुल ३६ प्रमुख सड़कों पर ट्रक और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।
इन सेवाओं को मिलेगी छूट: पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं जैसे दूध, दवा, ऑक्सीजन, पेट्रोलियम, एलपीजी और फल-सब्जियों को ले जाने वाले वाहनों पर कोई रोक नहीं होगी। इसके अलावा, १६०० किलोग्राम से कम वजन वाले हल्के वाणिज्यिक वाहनों को भी कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि उत्सव के दौरान शांति बनी रहे।