“दम था तो इस्तीफा क्यों नहीं दिया?” पूर्व सेना प्रमुख नरवणे पर भड़के BJP विधायक राजेश्वर सिंह!

पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब के कुछ अंशों को लेकर संसद में मचे हंगामे के बीच बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने तीखा हमला बोला है। लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा नरवणे की किताब का हवाला देकर सरकार को घेरने की कोशिश के बाद, लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट से विधायक और पूर्व ब्यूरोक्रेट राजेश्वर सिंह ने सेना प्रमुख की नैतिकता और निर्णय क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं।

पद पर रहते हुए क्यों साधी चुप्पी? राजेश्वर सिंह ने पूछा कि यदि 2020 में चीनी संघर्ष के दौरान स्थिति इतनी खराब थी कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही थी, तो जनरल नरवणे ने अपने पद से इस्तीफा क्यों नहीं दिया? उन्होंने कहा, “जब आपके पास पूर्ण सैन्य कमान और संवैधानिक अधिकार थे, तब आपको कड़े फैसले लेने से किसने रोका था? रिटायरमेंट के बाद किताब लिखना या इंटरव्यू देना राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा नहीं है। असली सुरक्षा तब होती है जब आप पद पर रहते हुए जिम्मेदारी निभाते हैं।”

कांग्रेस और राहुल गांधी पर प्रहार राजेश्वर सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर लेक्चर देने से पहले उन्हें 26/11 हमले के बाद अपनी निष्क्रियता पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सेना के शीर्ष अधिकारियों द्वारा इस तरह की ‘सिलेक्टिव’ जानकारी साझा करना संस्थानों की विश्वसनीयता को कम करता है। उनके अनुसार, रिटायरमेंट के बाद बोलना साहस नहीं बल्कि अवसरवादिता है। सिंह ने जोर देकर कहा कि देश उन लोगों का सम्मान करता है जो संकट के समय निर्णय लेते हैं, न कि उनका जो जिम्मेदारी खत्म होने के बाद पन्ने भरते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *