मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा खुलासा? सुबह ६ बजे से १६ अफसरों की टीम खंगाल रही है बालू सिंडिकेट के दस्तावेज

बालू और कोयला तस्करी के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह से ही पश्चिम बंगाल और दिल्ली में बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल और जामुड़िया के विभिन्न ठिकानों पर ईडी की कई टीमें केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस अफसर के घर दबिश: इस कार्रवाई की सबसे बड़ी खबर दुर्गापुर से है, जहां बुदबुद थाने के नवनियुक्त प्रभारी (OC) मनोरंजन मंडल के सिटी सेंटर स्थित आवास पर ईडी की टीम पहुंची है। दिलचस्प बात यह है कि मनोरंजन मंडल ने अभी तक थाने की जिम्मेदारी संभाली भी नहीं थी कि उनसे पहले ईडी उनके घर पहुंच गई। इससे पहले वे बाराबनी के ओसी रह चुके हैं।

कारोबारियों में हड़कंप: जामुड़िया में व्यापारी रमेश बंसल और उनके बेटों सुमित और अमित बंसल के आवासों और दुकानों पर छापेमारी जारी है। इसके साथ ही पानागढ़ के बालू कारोबारी शेख हसन और पांडवेश्वर के कोयला व्यापारी शेख माइजुल के ठिकानों को भी ईडी ने घेर रखा है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी को शक है कि तस्करी से कमाए गए करोड़ों रुपये को इन व्यापारियों और प्रभावशाली लोगों के जरिए ठिकाने लगाया गया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *