राज्य मार्ग पर काल बनी रफ्तार! रात के अंधेरे में जीजा-साली की दर्दनाक मौत, आरोपी ड्राइवर फरार

दार्जिलिंग जिले के खोरीबाड़ी थाना अंतर्गत डंडाझार इलाके में सोमवार की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है। एक मोटरसाइकिल और मालवाहक चार पहिया वाहन के बीच हुई सीधी भिड़ंत में जीजा और साली की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसे की जानकारी: बताया जा रहा है कि सोमवार रात एक बाइक खोरीबाड़ी से चटहाट की ओर जा रही थी। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मालवाहक गाड़ी ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि मालवाहक गाड़ी सड़क पर ही पलट गई।

मृतकों की पहचान: मृतकों की पहचान राजन बर्मन (जीजा) और संगीता सिंह (साली) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मालवाहक गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया है। घोषपुकुर चौकी की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *